जौनपुर। भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद जौनपुर में जनगणना 2027 से संबंधित फील्ड गतिविधियों का शुभारंभ आज से उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया।
जनपद में 8000 से अधिक गणनाकर्मी घर-घर जाकर फील्ड स्तर पर जनगणना कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा गणनाकर्मियों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दिया जाए तथा केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास किया जाए।
उन्होंने कहा कि “सही जानकारी, बेहतर योजना — जन भागीदारी से सफल जनगणना” के उद्देश्य के साथ यह कार्य किया जा रहा है, जो भविष्य की योजनाओं का आधार बनेगा।
जिलाधिकारी ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनगणना का कार्य देश सेवा के समान है, जिसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मियों को निर्देशित किया कि कार्य के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें, धूप से बचाव करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि आपकी मेहनत और सटीकता से ही देश की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी तथा विकास योजनाओं को मजबूत आधार मिलेगा।


