• Wed. Jun 3rd, 2026

    ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत, चालक हिरासत में

    Trimurti multi speciality hospital Ad
    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मड़ियाहूं-जलालपुर मार्ग पर चितवार गांव के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश पटेल (42) बुधवार सुबह साइकिल से घर से मड़ियाहूं कृषि कार्य के लिए बीज खरीदने जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे चितवार गांव के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

    स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर सहित उसके चालक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी कविंद्र राय ने बताया कि मृतक के पुत्र रूपेश पटेल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    मृतक अपने पीछे एक पुत्री मधु तथा दो पुत्र रूपेश और मुकेश को छोड़ गए हैं। किसान की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed