• Fri. May 22nd, 2026

    आजाद बिंद हत्याकांड: आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर धरने पर बैठे एहसान खान

    Share

    21 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, न्याय की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन

    गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने का ऐलान, भूख हड़ताल की भी चेतावनी

    जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव में चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य एहसान खान ने पीड़ित परिवार के घर पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस आंदोलन में मृतक के परिजन और ग्रामीण भी शामिल हैं।

    धरने के दौरान एहसान खान ने घोषणा की कि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना को 21 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो सकी है।

    उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार दबिश और कार्रवाई के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका कोई प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। उनका आरोप है कि यदि पुलिस सक्रिय और गंभीर होती तो आरोपी इतने लंबे समय तक फरार नहीं रह पाते।

    धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए एहसान खान ने कहा कि यह केवल एक परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि समाज के गरीब, कमजोर, अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई भी है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के मामलों में अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है।

    धरने में मृतक की मां, बहन सौम्या बिंद तथा पिता राम लखन बिंद भी शामिल रहे। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की।

    एहसान खान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले चरण में भूख हड़ताल और आवश्यकता पड़ने पर आमरण अनशन भी शुरू किया जाएगा।

    धरना प्रदर्शन को देखते हुए गांव में पुलिस प्रशासन सतर्क बना हुआ है। वहीं क्षेत्र में इस आंदोलन को लेकर चर्चाओं का माहौल है और लोगों की नजरें अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed