• Wed. Jun 3rd, 2026

    बर्तन की दुकान में चल रही दोहरा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो कुंतल प्रतिबंधित सामग्री बरामद

    Share

    जौनपुर। नगर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बर्तन की दुकान के भीतर चल रही अवैध प्रतिबंधित दोहरा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करीब दो कुंतल अवैध दोहरा बरामद किया है और दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है।

    पुलिस ने बरामद सामग्री के नमूने जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेज दिए हैं।

    जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शकरमंडी मोहल्ला स्थित एक बर्तन की दुकान के अंदर अवैध रूप से दोहरा का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने पर वे स्वयं सादे ड्रेस में मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर से केमिकल और तंबाकू जैसी तेज गंध आने पर संदेह और गहरा गया।

    इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो सगे भाइयों पवन साहू और विवेक साहू को गिरफ्तार किया, जो अवैध रूप से दोहरा का निर्माण और कारोबार कर रहे थे।

    पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी मस्जिद के निवासी हैं। तलाशी के दौरान मौके से भारी मात्रा में लगभग दो कुंतल प्रतिबंधित दोहरा बरामद हुआ, जिसे बिना किसी वैध अनुमति और निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए तैयार किया जा रहा था।

    आशंका जताई जा रही है कि यह अवैध रूप से तैयार किया गया दोहरा शहर और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

    वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सूचित किया गया है। विभाग द्वारा नमूने की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि यह पदार्थ स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों पर आगे और भी धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed