• Sun. May 17th, 2026

    सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में तहसील सदर में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ जहां बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, वन, उद्योग, सहकारिता, श्रम, स्वरोजगार, खाद्य एवं रसद, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाये गये। इन स्टॉलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे जहां उन्हें विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
    इस मौके पर बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति एवं नामांकन संबंधी जानकारी, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता, समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन योजनाओं, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा ब्रेल लिपि सहित दिव्यांगजन योजनाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण एवं महिला सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी प्रकार कृषि एवं उद्यान विभाग द्वारा किसानों को उन्नत खेती, बीज, उर्वरक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
    उद्योग विभाग द्वारा स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से संबंधित योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया जबकि सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को सहकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा पशुपालन एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को श्रम कल्याण योजनाओं तथा पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की गई। स्टॉल पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया। कई पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने हेतु आवेदन भी लिए गए। उद्योग विभाग के स्टाल पर 4 आवेदन पत्र सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना अंतर्गत पंजीकृत किया गया।
    स्टॉल के अवलोकन के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित कृषकों को पौधा भी प्रदान किया। इस दौरान श्रम विभाग अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का श्रमिक पंजीयन कार्ड का प्रमाण पत्र भी पंजीकृत श्रमिकों को प्रदान किया। इस दौरान 1000 से अधिक लोगों द्वारा विभिन्न स्टॉल पर अवलोकन करते हुए योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र अग्रसारित करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिये।
    इस दौरान जमीन विवाद, खतौनी, विद्युत सहित अन्य मामले के शिकायत मिले जिसको संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए निस्तारण के निर्देश दिये गये। 81 शिकायती पत्र प्राप्त हुये जिसमें 14 का मौके पर निस्तारण किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के पश्चात जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकताओं, जनसुनवाई, कार्यालय व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में समस्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। साथ ही कहा कि प्रत्येक कार्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें तथा साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचे तथा अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
    उन्होंने जनसुनवाई को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि समस्त विभागाध्यक्ष प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक प्रभावी रूप से अपने कार्यालयों में जनसुनवाई करें तथा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए। जनसामान्य को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाय।
    जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन अपने विभागीय कार्यों की समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। कार्यालयों में रिकॉर्ड एवं अभिलेख सुव्यवस्थित रखे जाएं तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन की मंशानुरूप कार्य किये जायं। खराब पड़े उपकरणों एवं व्यवस्थाओं को तत्काल ठीक कराने के निर्देश देते हुये कहा कि कार्यालयों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखे जायं तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाई जाय। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा आमजन को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
    इस दौरान भीषण गर्मी के दृष्टिगत सभी से अपील किया कि अपने घरों पर पक्षियों के लिए दाना और पानी अवश्य रखें। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता आईपीएस, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *