जौनपुर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शीतला चौकिया धाम में चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य के अधूरा छोड़ दिए जाने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग पर सड़क खोदकर बोल्डर डाल दिए गए हैं, जिससे मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को पथरीले रास्ते से नंगे पैर गुजरना पड़ रहा है।
मां काली मंदिर से शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तक सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। गर्मी और तेज धूप के बीच श्रद्धालुओं, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को मंदिर तक पहुंचने में काफी कठिनाई हो रही है। वहीं मंदिर जाने वाली एक अन्य गली भी करीब 20 दिनों से खुदी पड़ी है, जिससे वैकल्पिक मार्ग भी बाधित हो गया है।
सोमवार को मां शीतला के दर्शन के लिए धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ के दौरान खुदी और पथरीली सड़क से गुजरने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए महंगुपुर मार्ग पर विक्की यादव और उनके सहयोगियों ने निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था कर लोगों को राहत पहुंचाई।
गौरतलब है कि धाम के पर्यटन विकास के लिए लगभग 6.5 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के कई कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें मुख्य द्वार का निर्माण, मंदिर बरामदे का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, नए प्रवेश द्वार, सीसी सड़कें और नालियों का निर्माण शामिल है। हालांकि निर्माण कार्यों की धीमी गति और अधूरे पड़े कार्यों के कारण श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।

