• Sun. Jul 5th, 2026

    मड़ियाहूं के युवक का वाराणसी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बराई खुर्द गांव निवासी एक युवक का शव वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष पर संदेह व्यक्त किया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

    जानकारी के अनुसार, बराई खुर्द गांव निवासी 22 वर्षीय रोशन गौतम का शव शनिवार दोपहर करीब दो बजे वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटी भवानी मंदिर के पास मिला। कठिरांव चौकी पुलिस को शव के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान हुई, जिसके आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रोशन गौतम के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार सुबह शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

    परिजनों के मुताबिक, रोशन गौतम ने करीब पांच महीने पहले फूलपुर थाना क्षेत्र के करावन भिखारीपुर गांव निवासी चंदा गौतम से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह रोज़गार के लिए मुंबई चला गया था, जबकि उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मुंबई से लौटने के बाद रोशन सीधे अपने ससुराल गया था, जिसके बाद उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में फूलपुर थाना क्षेत्र में मिला।

    परिजनों ने पुलिस से ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *