जौनपुर। शाहगंज में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां दो शातिर उचक्कों ने एक महिला को झांसे में लेकर उसकी सोने की चेन और कान की बालियां ठग लीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़िता लीलावती देवी, निवासी बिलवाई (सुल्तानपुर), शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती अपने रिश्तेदार से मिलने आई थीं। इसके बाद वह जेसीज चौक पर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें “मां” कहकर संबोधित करते हुए बातचीत शुरू की। आरोपियों ने नकली नोटों की गड्डी दिखाकर विश्वास में लिया और सुरक्षा का हवाला देते हुए महिला से सोने की चेन व कान की बालियां अपने पास रखने को कहा। महिला उनके झांसे में आ गई और जेवर सौंप दिए। इसके बाद दोनों उचक्के फरार हो गए।
कुछ देर बाद ठगी का एहसास होने पर महिला ने शोर मचाया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


