• Sat. May 30th, 2026

    चंदवक क्षेत्र में मारपीट, धमकी, अवैध असलहा प्रदर्शन और दुष्कर्म के आरोप से जुड़े मामले चर्चा में

    Jaunpur police
    Share

    चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार को मारपीट, धमकी, सोशल मीडिया पर असलहा लहराने तथा दुष्कर्म के आरोप से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। पुलिस ने कुछ मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि एक मामले में पीड़िता ने कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है।

    बलरामपुर गांव के पास शुक्रवार रात एक युवक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिरवा गांव निवासी सत्यम राय ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह नरकता गांव से अपने घर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे बलरामपुर मोड़ के पास तीन-चार अज्ञात युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और जाते समय जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    वहीं सोशल मीडिया पर तलवार और कथित अवैध असलहा लहराते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच के बाद अमुवार गांव निवासी अनुराग यादव और अविनाश यादव उर्फ शेरू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।

    रसड़ा गांव में एक महिला के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला भी प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार पड़ोसियों ने महिला की पिटाई कर दी, जिससे उसका हाथ टूट गया। इस मामले में करन, रीना और राधा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

    इसी बीच पतरही चौकी क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के चाचा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि 24 मई को आरोपी उसे पैसे दिलाने के बहाने पड़ोसी गांव ले गया, जहां सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना की तहरीर देने के छह दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है और आरोपी खुलेआम घूम रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

    क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे इन मामलों को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दर्ज मामलों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *