• Sat. Jun 6th, 2026

    खुज्झी मोड़ पर युवक से मारपीट, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

    Share

    जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी मोड़ पर एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के कुसैला गांव निवासी मनीष कुमार सिंह पुत्र इंद्र बहादुर सिंह ने चंदवक थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह गुरुवार 4 जून 2026 को अपनी बुआ के घर कछवन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खुज्झी मोड़ स्थित विदेशी शराब की दुकान के सामने कछवन (पूरब का पूरा) गांव के रहने वाले बंटी सिंह, विंध्या सिंह, गोलू सिंह और उपेंद्र सिंह ने उन्हें रोक लिया।

    पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उनसे विवाद शुरू किया और विरोध करने पर गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका प्रतिवाद किया तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि लात-घूंसों के साथ लाठी-डंडों से भी उनकी पिटाई की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।

    मनीष कुमार सिंह ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

    चंदवक थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की भूमिका के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed