चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र के कनौरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी विजय कुमार पुत्र इन्द्रदेव राम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 19 मई की रात करीब नौ बजे गांव के रामचंद्र, अमन, राजू, किशन और प्रद्युम्न ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे विजय कुमार घायल हो गए।
शोर सुनकर बचाव करने पहुंची उनकी मां विमला, बहन जयश्री और भाई अजय के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की।
चंदवक पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

