खुटहन, जौनपुर। बेसहूपुर गांव निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने उनके केयरटेकर के खिलाफ लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपित केयरटेकर फरार बताया जा रहा है।
पीड़ित दुर्गविजय सिंह के अनुसार, आंखों की समस्या के चलते उन्होंने घर की देखभाल के लिए सरपतहां क्षेत्र के उसरा गांव निवासी मनोज उर्फ रामलेख को केयरटेकर रखा था। 16 जून को वह घर पहुंचे और रुपये रखने के लिए आलमारी खोली तो उसमें रखे पैतृक सोने-चांदी के जेवर गायब मिले।
पीड़ित ने अपने केयरटेकर पर ही जेवर चोरी करने का संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपित की तलाश में जुटी है।

