• Fri. Aug 21st, 2026

    दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा, 25 से शुरू होगा नामांकन

    Share

    जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ जौनपुर की कार्यकारिणी चुनाव वर्ष 2026 के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सहायक चुनाव अधिकारी गौरी शंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह (आरपी सिंह) ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।
    घोषित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 30 वर्ष की विधि व्यवसाय अवधि निर्धारित की गई है, जबकि उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए भी 30 वर्ष की अवधि अनिवार्य होगी। मंत्री पद के लिए 15 वर्ष, सहमंत्री के लिए 10 वर्ष, उपमंत्री के दो पदों के लिए सात वर्ष तथा लेखा निरीक्षक पद के लिए 15 वर्ष की विधि व्यवसाय अवधि निर्धारित की गई है। कार्यकारिणी सदस्य के सात पदों के लिए भी चुनाव होगा।
    नामांकन फार्म 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4:30 बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे। इसके लिए निर्धारित नामांकन राशि के साथ 700 रुपये जमा करने होंगे। अध्यक्ष पद के लिए छह हजार, उपाध्यक्ष के लिए पांच हजार, मंत्री के लिए पांच हजार, सहमंत्री व उपमंत्री के लिए तीन-तीन हजार, लेखा निरीक्षक एवं कार्यकारिणी सदस्य के लिए 2,500 रुपये नामांकन राशि निर्धारित की गई है। यह राशि किसी भी स्थिति में वापस नहीं होगी।
    नामांकन पत्र 25 और 26 अगस्त को दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित चुनाव अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से शाम चार बजे तक अधिवक्ता संघ में होगी। नामांकन वापसी 29 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे से चार बजे तक होगी, जिसके बाद शाम 4:30 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
    चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 21 अगस्त से चुनाव संपन्न होने तक संघ भवन, दीवानी न्यायालय परिसर अथवा मुरलीधर उपाध्याय भवन में किसी प्रत्याशी द्वारा पोस्टर या बैनर लगाए जाने पर उसका नामांकन निरस्त माना जाएगा। इसके अलावा चुनाव घोषणा से लेकर चुनाव अवधि तक अभद्रता, नारेबाजी या प्रदर्शन करने वाले प्रत्याशी को तत्काल चुनाव से वंचित किया जा सकता है।
    चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है और संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *