• Tue. May 26th, 2026

    आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान

    Share

    आपदा मित्र एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की बैठक सम्पन्न, सचेत और दामिनी ऐप डाउनलोड करने की अपील

    जौनपुर, 26 मई 2026। जनपद में आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता तथा अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) परमानंद झा की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में “आपदा मित्र” एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग करते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

    बैठक में प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों तथा आमजन को जागरूक करने की रणनीति पर विशेष विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता, सतर्कता और जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक होती है। उन्होंने आपदा मित्रों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव और स्कूल-स्कूल जाकर लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक करें तथा बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

    जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी, लू, आंधी, वर्षा एवं बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी संबंधित विभागों एवं स्वयंसेवकों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

    उन्होंने आपदा मित्रों एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक आपदा के समय प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। समय पर सूचना उपलब्ध कराने, प्राथमिक सहायता पहुंचाने तथा राहत कार्यों में स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

    बैठक में बाढ़, गर्मी और लू जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आमजन से “सचेत ऐप” एवं “दामिनी ऐप” डाउनलोड करने की अपील की गई, ताकि मौसम और आपदा संबंधी त्वरित सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।

    कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने जनपद में आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *