जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में गोमती नदी के सद्भावना पुल स्थित विसर्जन घाट के पास स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने गए छह युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक नदी में लापता हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी 24 वर्षीय दिलीप पटेल पुत्र दशरथ पटेल तथा वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद का एक युवक अपने साथियों के साथ गोमती नदी में स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान सभी युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर चार युवकों को बचा लिया, लेकिन दो युवक नदी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाकर लापता युवकों की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका था।


