
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने की महिला कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय महिला आयोग, भारत सरकार की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं के कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचने वाले लाभों के संबंध में जानकारी ली गई। आयोग की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कोई भी पात्र महिला सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए।
उन्होंने महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाओं को गंभीरता से लागू करने तथा उनके लाभ की जानकारी जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।













