
सास-ससुर और देवर पर मारपीट व कमरे पर कब्जे का आरोप, न्याय के लिए डीएम के पास पहुंची महिला

जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। मोहल्ला निवासी साधना मौर्य पत्नी असीम कुमार प्रकाश बुधवार सुबह करीब 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और अपने सास, ससुर तथा देवर पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और कमरे पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में साधना मौर्य ने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे उनके ससुर ओम प्रकाश मौर्य, सास ललिता देवी और देवर अवनीश कुमार ने दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। उनके कमरे में ताला लगाकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता के मुताबिक, घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद वह शहर कोतवाली भी पहुंचीं, लेकिन उनका आरोप है कि वहां भी उनकी शिकायत नहीं सुनी गई और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। साधना मौर्य का कहना है कि उनके पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। ऐसे में उन्हें घर पर अकेले ही इन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक उनके साथ तीन-चार बार मारपीट की जा चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक वह इस तरह प्रताड़ना सहती रहेंगी। महिला ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।








