डिजिटल क्रांति ने बदला भाषा का स्वरूप- हेमंत तिवारी

Share

जौनपुर। मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में बुधवार को “डिजिटल मीडिया का भाषा पर प्रभाव” विषय पर एक महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तर प्रदेश पत्रकार संघ के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने डिजिटल क्रांति के दौर में भाषा के बदलते स्वरूप और उसकी व्यापक संभावनाओं पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के प्रारंभ में हेमंत तिवारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने कहा कि डिजिटल युग ने भाषा को अभिव्यक्ति के नए मंच और व्यापक पहुंच प्रदान की है। आज भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विचारों को प्रभावित करने का सशक्त साधन बन गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने तथा भाषा की गरिमा, शुद्धता और मर्यादा बनाए रखने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता हेमंत तिवारी ने कहा कि डिजिटल मीडिया ने संवाद की गति और पहुंच को अभूतपूर्व रूप से बढ़ाया है। सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के कारण भाषा लगातार नए रूप ग्रहण कर रही है। ऐसे में युवाओं, विद्यार्थियों और मीडिया से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि वे डिजिटल मंचों पर तथ्यपरक, संयमित और प्रभावशाली भाषा का प्रयोग करें। संगोष्ठी में सोशल मीडिया की भाषा, हिंदी एवं भारतीय भाषाओं में हो रहे बदलाव, नए शब्दों के बढ़ते प्रचलन, भाषायी शुद्धता तथा डिजिटल माध्यमों से भाषा के प्रचार-प्रसार की संभावनाओं पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान ने प्रभावपूर्ण एवं सहज शैली में किया। उन्होंने संगोष्ठी की विषय-वस्तु की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम को क्रमबद्ध एवं रोचक ढंग से आगे बढ़ाया। इस अवसर पर डॉ. जीवन यादव, आर.पी. सिंह, हसनैन कमर, दीपू, नवीन मिश्रा, आजम जैदी, डॉ. शाहिदा परवीन, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. प्रज्वलित यादव, डॉ. तरन्नुम, डॉ. सरिता, डॉ. अलमीना, शादॉं जबीं,फलक, उमरा खान सहित महाविद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने संगोष्ठी में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए डिजिटल मीडिया और भाषा के बदलते संबंधों को समझा। अंत में अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Admin
Admin
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें