• Sun. Sep 13th, 2026

    एआई के साथ विकास की नई राह पर पीयू: प्रो. राकेश सिंह

    एआई के साथ विकास की नई राह पर पीयू: प्रो. राकेश सिंह
    Share

    एआई मंथन में कुलपति प्रो. राकेश सिंह ने रखा पीयू का विजन

    जौनपुर/कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंथन-2.0 में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की टीम ने सहभागिता की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के समक्ष प्रस्तुतिकरण देते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, स्वास्थ्य तथा सुशासन के क्षेत्र में उपयोग की संभावनाओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।

    कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने अपने प्रस्तुतिकरण में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से उच्च शिक्षा को अधिक प्रभावी, नवाचार एवं तकनीक आधारित बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही विश्वविद्यालय में एआई के संबंध में किए गए प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।

    उन्होंने विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधाओं के विस्तार, खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने, इंटरनेट सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलों की जानकारी दी।

    प्रस्तुतिकरण में क्षय रोग से पीड़ित मरीजों के सहयोग एवं जागरूकता, किशोरियों के लिए मानव पेपिलोमा विषाणु के टीकाकरण, सौ सप्ताह के नशामुक्ति अभियान, सेवा पखवाड़े तथा बाल संरक्षण गृह से संबंधित विश्वविद्यालय की कार्ययोजना को भी प्रस्तुत किया गया।

    कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंथन-2.0 में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों, विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, स्वास्थ्य और सुशासन को नई दिशा देने पर विचार साझा किए। कार्यक्रम ने उच्च शिक्षा संस्थानों के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सहयोग एवं नवाचार की नई संभावनाओं को भी सामने रखा।
    विश्वविद्यालय की तरफ से एआई मंथन में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह,आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. सौरभ पाल, डॉ. विक्रान्त भटेजा, डॉ. सुनील यादव, दिलीप कुमार यादव प्रतिभाग किए।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *