जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सोमवार को विकासखंड मुंगराबादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय नौवाड़ाडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर कमियां सामने आईं। दो शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जबकि विद्यालय की व्यवस्थाओं, मध्याह्न भोजन पंजिका और शिक्षण कार्य में भी अनियमितताएं मिलीं।
निरीक्षण के समय सहायक अध्यापक अजय कुमार मिश्र और अर्चना कुमारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। दोनों शिक्षकों के टाइम एंड मोशन शासनादेश का पालन नहीं करने के कारण सितंबर माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दोनों से साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार गुप्त भी उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। पंजिका के अवलोकन में अनुपस्थित शिक्षकों के कॉलम खाली मिले। बीएसए ने इसे गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
मध्याह्न भोजन पंजिका की जांच में सितंबर माह में कोई प्रविष्टि दर्ज नहीं मिली। विद्यालय की साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कक्षाएं गंदी थीं और विद्यालय का वातावरण अव्यवस्थित मिला। निरीक्षण में विद्यार्थियों का अधिगम स्तर भी बेहद कम पाया गया।
विद्यालय में इको क्लब का गठन नहीं किया गया था। कंपोजिट ग्रांट, टीएलएम एवं स्पोर्ट्स ग्रांट से संबंधित धनराशि के उपयोग में भी अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण रिपोर्ट में विद्यालय विकास के लिए प्राप्त धनराशि के उचित उपयोग पर सवाल उठाए गए हैं।
इन कमियों के आधार पर प्रधानाध्यापक अमित कुमार गुप्त के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसका आदेश अलग से जारी किया जाएगा।
बीएसए ने विद्यालय में कार्यरत समस्त शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को परिसर, कक्षाओं और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने, टाइम एंड मोशन व्यवस्था का पालन करने तथा उपलब्ध शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को निर्धारित समयावधि में निपुण बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।
निरीक्षण में मिली कमियों के तत्काल निराकरण के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को एक सप्ताह के भीतर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

