• Fri. Aug 28th, 2026

    सड़कों पर पशु न छोड़ें, दुर्घटनाओं से बचें: डॉ. सुशान्त

    Share

    मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। स्थानीय पशु चिकित्सालय के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुशान्त कुमार ने पशुपालकों से सड़कों पर मवेशियों को खुला न छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पशुओं के सड़कों पर घूमने से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें दोपहिया वाहन चालक के साथ-साथ पशु भी घायल हो रहे हैं।

    डॉ. सुशान्त कुमार ने क्षेत्र के मछलीशहर रोड स्थित सरोखनपुर और सतहरिया गांव पहुंचकर पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यदि पशुओं को चराने या टहलाने के लिए बाहर ले जाया जाए तो पशुपालक स्वयं अथवा परिवार का कोई सदस्य उनके साथ रहे, ताकि पशु सड़क पर न पहुंचें और दुर्घटनाओं की आशंका न बने।

    उन्होंने कहा कि पशु बेजुबान होते हैं। दुर्घटना में घायल होने पर उनका उपचार और देखभाल करना काफी कठिन हो जाता है। इसलिए सभी पशुपालक अपने पशुओं को बांधकर रखें और उन्हें कभी भी बिना निगरानी के खुला न छोड़ें।

    पशु चिकित्साधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पशु सड़कों पर आवारा घूमते मिले तो उन्हें पकड़कर काजी हाउस भेजा जा सकता है तथा संबंधित पशुपालकों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने सभी पशुपालकों से नियमों का पालन कर स्वयं, अपने पशुओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *