• Fri. Aug 28th, 2026

    जमालपुर में ट्रांसफार्मर की डीपी में लगी भीषण आग, बिजली आपूर्ति ठप

    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। विकास खंड मड़ियाहूं की ग्राम पंचायत जमालपुर में शनिवार को ट्रांसफार्मर की डिस्ट्रिब्यूशन पैनल (डीपी) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते डीपी धू-धू कर जलने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और बिजली विभाग को तत्काल सूचना दी, लेकिन काफी देर तक विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बीच डीपी पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई और पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

    ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद गांव में बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है, वहीं घरेलू कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो गई हैं।

    ग्रामीण रामकुमार यादव ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही और उपकरणों के नियमित रखरखाव के अभाव में इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर और डीपी की जांच एवं मरम्मत की जाती तो इस घटना को टाला जा सकता था।

    ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि क्षतिग्रस्त डीपी को तत्काल बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *