
बरसठी पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, की वाहनों की जांच

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ बनकट सगरा पुलिस बूथ पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बूथ से गुजरने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों को रोककर जांच की गई। पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात की जांच की। साथ ही वाहन चालकों से पूछताछ कर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके आने-जाने के संबंध में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बताया कि पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और पिकेट पर नियमित रूप से चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस का निगरानी एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।








