
छत पर बांस से लटका मिला वृद्ध महिला का शव, मौत की वजह पर संशय; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में एक वृद्ध महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में छत पर बांस के सहारे साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान उर्मिला देवी (65) पत्नी स्वर्गीय छोटेलाल यादव के रूप में हुई है। शुरुआती तौर पर परिजनों ने उनकी बीमारी और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। बीमारी की स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण ग्रामीणों के बीच भी सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे ने बताया कि मृतका के पुत्र रूपेश यादव की सूचना के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।








