
जौनपुर रेलवे स्टेशन पर शातिर चोर गिरफ्तार, ₹55 हजार के मोबाइल-लैपटॉप बरामद

जौनपुर। रेलवे स्टेशन जौनपुर जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी के मोबाइल और लैपटॉप बेचने की फिराक में बैठे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक लैपटॉप, एक बैग और 2,640 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल और लैपटॉप की अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी थाना जौनपुर के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 के उत्तरी छोर पर फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों के नीचे एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के मोबाइल और लैपटॉप कम कीमत पर बेचने की बात कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी का रहने वाला है आरोपी: पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान शुभम चौबे उर्फ विष्णु (22), पुत्र रामप्रसाद चौबे, निवासी प्रसादपुर, थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी के रूप में की है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चलती ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों और रेलवे स्टेशन पर उनके सामान व मोबाइल चोरी करता था।
चोरी के दो मामलों का खुलासा: जीआरपी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी से थाना जीआरपी जौनपुर में दर्ज चोरी से संबंधित दो मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें मुकदमा संख्या 18/2026 और 29/2026 शामिल हैं। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय जौनपुर भेज दिया है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे: पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों और जीआरपी अकबरपुर में चोरी तथा चोरी के सामान से संबंधित धाराओं में पहले भी पांच मुकदमे दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका: कार्रवाई में जीआरपी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़, चौकी प्रभारी शाहगंज उपनिरीक्षक हरिकेश, आरपीएफ के उपनिरीक्षक आर.एन. यादव, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार और कांस्टेबल रामप्रवेश गोंड़ शामिल रहे।








