
पीयू में पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर का हुआ आयोजन

उठें समाज के लिए, जगें राष्ट्र के लिए” के संदेश के साथ कुलपति ने NSS स्वयंसेवकों को किया प्रेरित
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय,जौनपुर में पूर्व गणतंत्र दिवस परेड 2026 हेतु चयन शिविर शुक्रवार 22 अक्टूबर 2026 को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के संरक्षकत्त्व में विश्वविद्यालय से सम्बद्ध विभिन्न महाविद्यालयों से आए 200 से अधिक स्वयंसेवकों तथा स्वयंसेविकाओं ने प्रतिभाग किया। चयन शिविर की शुरुआत वन्देमारम गीत से हुई उसके उपरांत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ समरदीप सक्सेना, क्षेत्रीय निदेशक राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय लखनऊ, एवं श्री राजेश तिवारी, युवा अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय लखनऊ, उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत एवं कार्यक्रम विवरण कार्यक्रम समन्वयक डॉ शशिकांत यादव ने किया । मुख्य अतिथि डॉ समरदीप सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेना प्रत्येक युवा के लिए गर्व और सम्मान की बात है। लेकिन इस गौरवपूर्ण अवसर तक पहुँचने के लिए निरंतर अभ्यास, शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता, समयबद्धता और अनुशासन की आवश्यकता होती है। परेड में कदमों का तालमेल केवल शारीरिक अभ्यास नहीं है, बल्कि यह एकता, समन्वय और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक भी है। युवा अधिकारी राजेश तिवारी ने प्री आरडी परेड के बारे विस्तार पूर्वक बताया और कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य युवाओं को समाज की समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
प्रो प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र “मैं नहीं, बल्कि आप” हमें निःस्वार्थ सेवा और सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश देता है। एक सच्चा स्वयंसेवक वही है, जो समाज की समस्याओं को समझे, उनके समाधान के लिए आगे आए और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बने।
प्रो मनोज मिश्र ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति हैं। आप अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज की समस्याओं के समाधान के लिए करें। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता जैसे कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएँ।
कुलपति प्रो राकेश कुमार सिंह ने कहा कि “उठें समाज के लिए उठें-उठें,
जगें स्वराष्ट्र के लिए जगें-जगें।”
हमें प्रेरित करती हैं कि हम व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए कार्य करें। यह गीत केवल गाने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारने के लिए है। जब हम समाज की समस्याओं के प्रति जागरूक होते हैं और उनके समाधान के लिए आगे आते हैं, तभी राष्ट्रीय सेवा योजना की भावना वास्तविक रूप में साकार होती है।
मुझे विश्वास है कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक इस भावना को अपने आचरण में उतारते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनेंगे।
चयन प्रक्रिया तिलकधारी पीजी कालेज के संगीत विभाग के डॉ.नरेन्द्र देव पाठक, 98 एनसीसी यूपी बटालियन, एनसीसी सूबेदार मनोज सिंह, सूबेदार की देख-रेख में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक अभिनव कीर्ति पाण्डेय ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ राजश्री सिंह ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ अजय मौर्य, डॉ. अरविंद यादव, प्राचार्य, मां इसराजी देवी पीजी कॉलेज जौनपुर तथा महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवधेश मौर्य, डॉ. सोमारूराम प्रजापति, डॉ राजेश तिवारी, डॉ पवन सिंह, डॉ. प्रभात कुमार, श्री भुलन सिंह, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. चित्रलेखा सिंह, डॉ. सुषमा मिश्रा, मनीष कुमार , डॉ अनुराग मिश्र, डॉ राशिकेश स्वयंसेववक सुमित सिंह, सत्यम सुंदरम मौर्य, हर्ष यादव, आंचल मौर्य, प्रियांशी मौर्य, प्रभात तिवारी, खुशी कन्नौजिया, श्रुति पाण्डेय, मुस्कान यादव सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहें।














