
पत्रकार पर जानलेवा हमले का आरोप, भाजपा नेता ने दी तहरीर

पिस्टल से फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ का भी आरोप, घर में घुसकर दोबारा हमला करने से पांच घायल
खुटहन (जौनपुर)। शहाबुद्दीनपुर गांव में मंगलवार रात बरसी कार्यक्रम के दौरान पत्रकार गोकर्ण पांडेय पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने से हड़कंप मच गया। हमलावरों पर पिस्टल से फायरिंग करने, धारदार हथियार से सिर पर वार करने, लाठी-डंडे व ईंट-पत्थरों से मारपीट करने और दो वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने पीछा करते हुए एक घर में घुसकर दोबारा हमला करने का प्रयास किया।
गोकर्ण पांडेय के पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक श्रीकृष्ण पांडेय ‘बड़कऊ’ ने बुधवार को खुटहन थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर के मुताबिक, गोकर्ण पांडेय मंगलवार रात करीब नौ बजे शहाबुद्दीनपुर में सीसी मिश्रा के यहां आयोजित बरसी कार्यक्रम में गए थे। आरोप है कि पूर्व रंजिश के चलते लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले हरेंद्र मिश्रा उर्फ हीरू, जितेंद्र मिश्रा, अंजनी मिश्रा, धर्मेंद्र मिश्रा, अश्वनी मिश्रा, अन्तिम तिवारी और विशाल सिंह वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए गोकर्ण के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हरेंद्र और धर्मेंद्र ने गोकर्ण के सिर पर जानलेवा वार किया। अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और अन्य हथियारों से हमला किया। इसी दौरान पिस्टल से हवा में फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। गोकर्ण को बचाने पहुंचे सिंटू यादव, नीरज यादव और अभिषेक तिवारी के साथ भी मारपीट की गई। मौके पर पहुंचे शिवचरण पांडेय को भी पीटने का आरोप तहरीर में है।
वाहनों को घेरकर की तोड़फोड़
तहरीर के अनुसार, जान बचाकर भाग रहे गोकर्ण और उनके साथियों का आरोपियों ने पीछा किया। स्कॉर्पियो संख्या UP 65 FB 6988 और वैगनआर संख्या UP 62 CX 6988 को घेरकर उनमें तोड़फोड़ की गई। इसके बाद गोकर्ण और उनके साथी पास स्थित मुन्नीलाल गुप्ता के घर में शरण लेने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने वहां भी पीछा किया और दरवाजा तोड़कर घर में घुसकर दोबारा हमला किया।
मारपीट में गोकर्ण पांडेय समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को पहले सीएचसी खुटहन ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों को देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर किया गया। तहरीर के अनुसार गोकर्ण पांडेय, सिंटू यादव और नीरज यादव का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
भाजपा नेता श्रीकृष्ण पांडेय ने पुलिस से घटना में प्रयुक्त हथियारों, फायरिंग, गंभीर चोटों, वाहनों में तोड़फोड़ और घर में घुसकर दोबारा हमला करने के आरोपों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।








