
केराकत में स्कूली वाहन की टक्कर से चार वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। केराकत क्षेत्र के पचवर गांव में मंगलवार सुबह स्कूली वाहन की चपेट में आने से चार वर्षीय आरव गोड़ की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे घर के पास हुआ। वाहन की टक्कर से आरव गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। दो बेटियों के बाद बेटे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल था। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
इकलौते बेटे की मौत से मां ज्योति गोड़ का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, बच्चे की मौत की खबर मिलने के बाद वह कई बार बेसुध हो गईं। पिता सुनील कुमार गोड़ और परिवार के अन्य सदस्य भी बच्चे का शव देखकर फूट-फूटकर रोते रहे। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्कूली वाहन को कब्जे में ले लिया और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।








