
भंडारे से घर लौट रहे वृद्ध की अचानक गिरकर मौत

जौनपुर। भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पैदल घर लौट रहे एक वृद्ध की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक गिरने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव निवासी करीब 65 वर्षीय हीरालाल निषाद रविवार रात पड़ोस में आयोजित भंडारे में गए थे। वहां प्रसाद ग्रहण करने के बाद वह पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक उन्हें चक्कर आया और वह सड़क पर गिरकर अचेत हो गए।
जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।








