नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के एक पुरोहित के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरोहित ने जौनपुर में एक अनुष्ठान कराया था, लेकिन कथित तौर पर मनोकामना पूरी नहीं होने से नाराज आरोपियों ने उन्हें झांसा देकर जौनपुर बुलाया और बंधक बना लिया। इसके बाद अनुष्ठान में खर्च हुए रुपये वापस करने के नाम पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
परिजनों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने नोएडा पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और जौनपुर से आशीष तथा उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बंधक बनाए गए पुरोहित को भी सकुशल मुक्त करा लिया। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

