मुंगराबादशाहपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 13 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपितों के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों से गैर जमानती वारंट जारी थे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपितों में संदीप पटेल निवासी गुलरा सोहांसा, प्रदीप सरोज निवासी पकड़ी गोदाम, सुद्धी यादव निवासी विलौई, विरेंद्र और प्यारेलाल निवासी बनबीरपुर शामिल हैं।
इसके अलावा रामफेर निवासी रमगढ़ा, मुन्नीलाल निवासी हस्सू का पूरा, रेखा देवी निवासी सरायरुस्तम, जग्गेस तिवारी निवासी जयपालपुर और बृजलाल पाल निवासी सोहासा को भी गिरफ्तार किया गया। अभियान में उप निरीक्षक धनंजय राय, संजय कुमार सिंह समेत 18 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि वारंटियों और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

