जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र के नरहरपुर गांव स्थित श्री चौरा माता मंदिर में शुक्रवार की रात अज्ञात चोर मंदिर का दानपात्र उठा ले गए। शनिवार सुबह मंदिर पहुंची पुजारिन ने दरवाजा खुला देखा और दानपात्र अपने स्थान से गायब पाया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 और सुजानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जांच शुरू की। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से थाना प्रभारी सुजानगंज को लिखित तहरीर देकर घटना से अवगत कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले शांति नगर बाजार में चोरों ने कई दुकानों के ताले तोड़कर सामान चोरी किया था। वहीं शचिपुरम गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से भी चोर सोलर लाइट उठा ले गए थे।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

