खुटहन (जौनपुर)। पनौली गांव में निर्माणाधीन मकान में गत सोमवार को 48 वर्षीय विवाहिता गुड़िया पत्नी मुख्तार अहमद की सिर के माथे और पिछले हिस्से में हत्यारे के द्वारा ईंट से प्रहार करके मौत के घाट उतार दिया गया था। हत्या के बाद सोने की चैन, कान की बालियां और पैर के पायल गायब होने का भी आरोप लगाया गया था।
घटना में घर की खिड़की दरवाजा ठीक करने के विवाद को लेकर गांव के ही लालमन विश्वकर्मा को मंगलवार को पुलिस ने लक्ष्मीशंकर मोड़ से गिरफ्तार करके चालान भेज दिया और उसकी निशान देही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव बुधवार को स्वजनों को सौंप दिया गया। शव घर आते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पुलिस बल भी पहुंच गया। सीओ शाहगंज गिरेंद्र सिंह, और थानाध्यक्ष लक्ष्मण बिक्रम सिंह सहित थाने की पूरी फोर्स की मौजूदगी में स्वजनों ने शव को गांव के कब्रिस्तान में नमाज के बाद सुपुर्दे खाक कर दिया।

