जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पौनी गांव में रविवार शाम बारिश के दौरान 60 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पौनी निवासी दुलार के रूप में हुई है। परिजनों ने आकाशीय बिजली गिरने से मौत की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे क्षेत्र में बारिश शुरू हुई। इसी दौरान दुलार अपनी बकरियां चराने के लिए गांगी नदी के किनारे गए थे। बारिश से बचने के लिए वह एक पेड़ के नीचे बैठ गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने घटना की सूचना गौराबादशाहपुर पुलिस को दी। हालांकि, दुलार की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई या किसी अन्य कारण से, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों के अनुसार सोमवार सुबह पुलिस को तहरीर देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


