• Thu. Aug 27th, 2026

    तेज रफ्तार कार का कहर, छह बाइकों को मारी टक्कर

    Share

    कोठवार बाजार में हादसे से मची अफरा-तफरी, दो युवक घायल; एक का पैर टूटा

    जौनपुर। करंजाकला क्षेत्र के सरायख्वाजा थाना अंतर्गत सिद्धीकपुर-जमुहाई मार्ग स्थित कोठवार बाजार में गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी छह बाइकों से जा टकराई। हादसे में सभी मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। कार की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक युवक का पैर टूट गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    बताया गया कि मिर्चा गांव निवासी वसीम अहमद पुत्र कौशल अहमद गुरुवार शाम सामान खरीदने कोठवार बाजार आए थे। इसी दौरान सिद्धीकपुर-जमुहाई मार्ग की ओर से तेज रफ्तार कार बाजार की तरफ आई। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइकों में टक्कर मारती चली गई। देखते ही देखते एक के बाद एक छह मोटरसाइकिलें कार की चपेट में आ गईं।

    हादसे के दौरान वहां मौजूद मोहम्मद अकबर पुत्र मोहम्मद मुस्ताक भी कार की चपेट में आ गए। दुर्घटना में उनका पैर टूट गया, जबकि एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ। अचानक हुई घटना से बाजार में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

    आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। इसके साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार तथा उसके चालक को कब्जे में लेकर चौकी भेज दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

    चौकी प्रभारी सिद्दीकपुर जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि हादसे में क्षतिग्रस्त हुई मोटरसाइकिलों के मालिकों को चौकी बुलाया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *