ब्रेन हेमरेज के बाद बीएचयू में तोड़ा दम, फर्म संचालक व कर्मचारियों ने अंतिम समय तक बचाने का किया प्रयास
जौनपुर। जिले के सुप्रसिद्ध प्रतिष्ठान गहना कोठी भगेलू राम रामजी सेठ में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रतिष्ठान के संचालक और कर्मचारी उन्हें बचाने के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। घटना से प्रतिष्ठान में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि कौशांबी जनपद निवासी करीब 45 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शुक्ला लंबे समय से गहना कोठी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बुधवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह प्रतिष्ठान के ही एक कमरे में जाकर अचेत अवस्था में गिर पड़े।
गार्ड की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही प्रतिष्ठान के संचालक विनीत कुमार सेठ अपने कर्मचारियों के साथ तत्काल उन्हें नईगंज स्थित एक न्यूरो सर्जन के पास लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में ब्रेन हेमरेज स्ट्रोक की जानकारी सामने आने पर चिकित्सक ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया।
इसके बाद सुरेंद्र कुमार शुक्ला को बीएचयू वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रतिष्ठान से जुड़े लोगों के अनुसार, गहना कोठी परिवार ने भी उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया और अंतिम समय तक उनके साथ खड़ा रहा।
मौत की सूचना परिजनों को दी गई। जानकारी मिलते ही कौशांबी से पहुंचे परिजन शव को अपने साथ ले गए। घटना के बाद गहना कोठी में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत सुरेंद्र कुमार शुक्ला को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


