आग से बचाव के उपाय बताए, अग्निशामक यंत्र चलाने का कराया अभ्यास
जौनपुर। डीजी फायर सर्विस उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के आदेश के अनुपालन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी जौनपुर नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी के निर्देशन में थाना गौराबादशाहपुर में अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन अधिकारी ने थाना परिसर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आग से बचाव और अग्नि सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्र के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग और आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अग्नि सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने तथा आपात स्थिति में प्रशिक्षित तरीके से कार्रवाई करने की अपील की।


