जौनपुर, 26 अगस्त 2026। बारावफात पर्व के दृष्टिगत जौनपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, जाममुक्त और दुर्घटनारहित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। यातायात पुलिस के अनुसार बुधवार 26 अगस्त को दोपहर 2 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
इस दौरान गैस, डीजल, पेट्रोल और मेडिकल से संबंधित आवश्यक वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। यातायात पुलिस ने शहर में सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए विभिन्न प्रमुख तिराहों और मार्गों से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की व्यवस्था की है।
भारी वाहनों का प्रवेश बड़ी मस्जिद तिराहा, नक्खास तिराहा, ओलन्दगंज चौराहा, सद्भावना पुल, अशोक टॉकीज तिराहा, सुतहट्टी तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, अटाला तिराहा, शाहगंज पड़ाव, शकरमंडी तिराहा, नईगंज तिराहा तथा कटघरा क्षेत्र से शहर की ओर प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारावफात के दौरान निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश न कराएं, ताकि पर्व के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

