लखनऊ। शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने गुणवत्तापरक बिलिंग को कारपोरेशन की शीर्ष प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को समय से सही मीटर रीडिंग के आधार पर विद्युत बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में अध्यक्ष ने अभियान चलाकर विद्युत उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर सही एवं अद्यतन रहने से उन्हें विद्युत आपूर्ति, बिल और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
उन्होंने झटपट पोर्टल सहित नए विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने वाले सभी माध्यमों पर लंबित प्रकरणों को तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सोलर कनेक्शनों की बिलिंग व्यवस्था की विशेष रूप से जांच कर उपभोक्ताओं को सही विद्युत बिल उपलब्ध कराने को कहा।
डॉ. आशीष गोयल ने बिलिंग व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी बिलिंग से उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत होगा।
बैठक में प्रबंध निदेशक नितीश कुमार सहित कारपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न बिलिंग एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


