दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार, राहगीरों और स्कूली छात्रों को हुई परेशानी
जौनपुर। लखउवा स्थित रेलवे फाटक पर गुरुवार को अचानक तकनीकी खराबी आने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। फाटक में खराबी के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक समेत दर्जनों वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।
अचानक लगे जाम से यात्रियों, स्थानीय ग्रामीणों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी हुई। गर्मी और उमस के बीच वाहन चालक लंबे समय तक वाहनों में ही फंसे रहे। कुछ राहगीर वाहन छोड़कर पैदल ही गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए।
मौके पर मौजूद रेलवे गेटमैन राम प्रताप यादव ने बताया कि रेलवे फाटक में तकनीकी खराबी आने की जानकारी तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों को दी गई है। इसके बाद तकनीकी टीम को भी समस्या से अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर रेलवे कर्मी खराबी दूर करने में जुटे रहे।
जाम की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने रेलवे प्रशासन से फाटक की नियमित तकनीकी जांच कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से आवागमन प्रभावित न हो। ग्रामीणों के अनुसार यह फाटक क्षेत्र के प्रमुख मार्गों में शामिल है।
समाचार लिखे जाने तक रेलवे कर्मी फाटक की तकनीकी खराबी दूर करने में जुटे थे। जल्द ही आवागमन सामान्य होने की उम्मीद जताई गई।


