जौनपुर। गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, रामगढ़ताल में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन और विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम का मंगलवार को जौनपुर में सजीव प्रसारण किया गया। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

कार्यक्रम में मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, भाजपा मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत संबंधित अधिकारी व पीआरडी जवान मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के योगदान और दायित्वों की सराहना करते हुए उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम एटर पश्चिम में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी किया गया।

जौनपुर के कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 10 पीआरडी जवानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

मड़ियाहूं विधायक डॉ. आरके पटेल ने कहा कि पीआरडी जवानों के कल्याण, आवासीय सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। बहुमंजिला बैरक से जवानों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, जबकि कैशलेस चिकित्सा योजना से जवानों और उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि पीआरडी जवान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और विभिन्न महत्वपूर्ण आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जवान विपरीत परिस्थितियों में भी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।

भाजपा मछलीशहर जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने जवानों से जनसेवा की भावना, तत्परता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। सजीव प्रसारण के दौरान पीआरडी जवानों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा। जवानों ने शासन की ओर से उनके हित में किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार जताया।




