जौनपुर। आगामी 26 अगस्त को प्रस्तावित बाराफात जुलूस को लेकर मरकज़ी सीरत कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की। कमेटी ने जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया।
कमेटी ने शाही ईदगाह से शाही अटाला मस्जिद तक प्रस्तावित जुलूस मार्ग को गड्ढामुक्त कराने और 26 अगस्त को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा जुलूस मार्ग पर दो एंबुलेंस, दो चिकित्सा शिविर, एक अग्निशमन वाहन और चार पानी के टैंकर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
मुख्य मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, चूना छिड़काव कराने और दो चलित शौचालयों की व्यवस्था करने की मांग भी पत्र के माध्यम से की गई। कमेटी ने श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल लोगों की सुविधा को देखते हुए पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की अपील की।
कमेटी ने जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की मांग की है। साथ ही 20 अगस्त को नगर पालिका परिषद मैदान में सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया।
कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक निर्देश जारी करने और की गई कार्रवाई से कमेटी को अवगत कराने की मांग की। कमेटी का कहना है कि समय रहते व्यवस्थाएं पूरी होने से जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।


