जौनपुर, 16 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपा शंकर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस पर “स्वच्छ जौनपुर- सुंदर जौनपुर” का नारा देते हुए कहा कि वाले दिनों में जौनपुर को और स्वच्छ तथा सुंदर बनाने का प्रयास किया जाएगा, इसके लिए उन्होंने जनपदवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि जौनपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना पूरा सहयोग प्रदान करें,।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन के परिसर में स्थित बहुउद्देश्यीय हाल में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंशू, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया की मौजूदगी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने युवाओं से विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और चरित्र निर्माण को जीवन का लक्ष्य बनाने का आवाहन करते हुए कहा कि
“स्वच्छ जौनपुर, सुंदर जौनपुर” का नारा देते हुए सभी लोगों से जौनपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। यदि सभी नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें तो जौनपुर को एक सुंदर और आदर्श जनपद बनाया जा सकता है। आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आर्थिक असमानता के बावजूद सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व दृष्टिकोण और अथक परिश्रम का परिणाम है।
इसके पूर्व श्री सिंह ने अपने आवास एवं कैंप कार्यालय पर भूतपूर्व सैनिकों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। पूर्व सैनिकों की परेड और सलामी ने कार्यक्रम के वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
इस अवसर पर कृपाशंकर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों का योगदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और हमें अपने शहर एवं जिले को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।





