जौनपुर। मोहम्मद हसन ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। समूह के विभिन्न संस्थानों में भव्य झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज में पूर्व प्रधानाचार्य बाबू खान, संरक्षक डॉ. अब्दुल कादिर खान और प्रधानाचार्य मोहम्मद नासिर खान ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।




स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मोहम्मद हसन कॉलेज की भव्य इमारत को आकर्षक तिरंगे की रोशनी से सजाया गया। रात में तिरंगे के रंगों में जगमगाती कॉलेज की इमारत लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इसकी तस्वीरें सामाजिक माध्यमों पर तेजी से साझा हुईं और लोगों ने जमकर सराहना की।
मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज के सौदागर हाल में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताओं, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को नमन किया। कार्यक्रम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य, अतिथिगण, प्रधानाचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।







