जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में शनिवार देर शाम पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 16 वर्षीय गोविंदा गौतम की मौत हो गई। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब आठ बजे गड्ढे के किनारे गोविंदा के कपड़े मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों और ग्रामीणों ने पानी में तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद उसका शव बरामद किया।
सूचना पर पहुंची बरसठी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि कुछ दिन पहले गोविंदा ने इसी गड्ढे में कुछ युवकों को नहाते देखा था। आशंका है कि वह भी नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया। गोविंदा के पिता कमलेश कुमार मजदूरी के लिए करीब एक माह पहले मुंबई गए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वह गांव के लिए रवाना हो गए। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।







