बरसठी | आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई में आने वाली मुश्किलों से जूझ रहे जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा सहयोग समिति ट्रस्ट सहारा बन रहा है। रविवार को बाबू लालता प्रसाद इंटर कॉलेज, शाहापुर में ट्रस्ट की ओर से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। ट्रस्ट के संस्थापक संतोष कुमार पांडेय ‘व्यास जी’ ने बताया कि पूरेसवा गांव की कक्षा छह की छात्रा नेहा मौर्य, सहरमा की सृष्टि गौतम और कोहणा गांव के दो सगे भाइयों सहित अन्य छात्र-छात्राओं को कॉपी, कलम, बॉक्स, यूनिफॉर्म, जूते, मोजे सहित अन्य सामग्री दी गई। नेहा के पिता दोनों आंखों से दृष्टिहीन हैं, जबकि सृष्टि और कोहणा के दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। सामग्री पाकर उनके चेहरे खिल उठे। वहीं, बारीगांव स्थित रामा देवी इंटर कॉलेज की छात्रा नरगिश को भी स्कूल यूनिफॉर्म दी गई। संतोष पांडेय ने कहा कि शारीरिक रूप से कमजोर होने के बावजूद वह जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा का सहयोग पहुंचाने से पीछे नहीं हटेंगे। ऐसे बच्चों को चिह्नित कर उनकी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराना समिति का उद्देश्य है। इस अवसर पर प्रबंधक डब्लू यादव, सुरेंद्र गौतम, अनमोल मिश्रा, पिंटू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


