• Mon. Aug 3rd, 2026

    कलश यात्रा के साथ गांव-गांव पहुंचा समरसता का संदेश

    Share

    बरसठी | संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे समरसता संकल्प अभियान के दूसरे दिन सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पावन कलश यात्रा निकाली गई। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित गुरु रविदास जन्मस्थली से लाई गई पावन माटी युक्त कलश के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल हुए। भाजपा बरसठी मंडल के पटखौली, जयरामपुर, हरिपुर, लखरांव, धनीपुर, बघनरी और खोईरी समेत कई गांवों में कलश यात्रा पहुचीं, जहां जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया। इससे पूर्व निगोह मंडल के भदरांव, पाली, निगोह सहित विभिन्न ग्राम सभाओं में भी समरसता संकल्प कलश यात्रा निकाली गई थी। यात्रा के दौरान संत गुरु रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। जिला महामंत्री डॉ. अभिषेक रावत ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने सामाजिक ऊंच-नीच, भेदभाव और जातिगत विभाजन के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उनके समरसता, समानता और मानवता के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प कलश यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के संदेश को घर-घर तक पहुंचाकर समरस समाज के निर्माण को गति देना है। अन्य वक्ताओं ने भी संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक सद्भाव और समानता को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मेहीलाल गौतम, जिला मंत्री के.पी. मिश्रा, मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह बिसेन, अजय सिंह, सचिन श्रीवास्तव, दशरथ सिंह, संजय दुबे, आशीष सिंह, जितेंद्र दुबे, संदीप पटेल, प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *