मड़ियाहूं। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित आंचलिक विज्ञान नगरी, लखनऊ की ओर से सोमवार को बीएनबी इंटर कॉलेज में सचल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय प्रशासन की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा और वैज्ञानिक सिद्धांतों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में “दैनिक जीवन में मशीन” विषय पर आधारित 20 स्वचालित तथा लगभग 40 विज्ञान मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से लीवर, पुली, गियर, ऊर्जा, गति तथा अन्य वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल, रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से समझाया गया। आंचलिक विज्ञान नगरी की टीम के प्रमुख आशु एवं तकनीकी सहायक सूरज कुमार यादव ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उन्होंने बताया कि सचल विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नवीन विकास से उन्हें अवगत कराना है। उन्होंने छात्रों को विज्ञान को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों के माध्यम से समझने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवशंकर मिश्र ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी विकसित करती है। उन्होंने आंचलिक विज्ञान नगरी की टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रदर्शनी को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने विज्ञान मॉडलों के माध्यम से नई-नई जानकारियां प्राप्त कीं।


