डोभी, जौनपुर। क्षेत्र के मूर्खा गांव में पिछले 15 दिनों से जला ट्रांसफार्मर न बदले जाने से करीब 100 घरों की वनवासी एवं हरिजन बस्ती अंधेरे में रहने को मजबूर है। बिजली आपूर्ति ठप होने से भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर अधिक भार के कारण बार-बार जल जाता है। कई बार बिजली विभाग से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि पिछले 14-15 दिनों से लगातार शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जला हुआ ट्रांसफार्मर तत्काल बदला जाए तथा भविष्य में बार-बार होने वाली समस्या से स्थायी राहत के लिए 25 केवीए की जगह 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
धरना-प्रदर्शन में रामसेवक राम, सोहनलाल, जितेंद्र राम, सुधीर राम, बिरगू राम, बबलू राम, संजय कुमार, प्यारेलाल, संकटा लाल, मेवाती देवी, लचिया देवी, दुर्गावती देवी, राजू राजन, पंकज राम, राधेश्याम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।

