चंदवक (जौनपुर), 30 जुलाई। सावन माह में चंद्रकेश्वर महादेव मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने गुरुवार को थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह को पत्रक सौंपा। व्यापारियों ने चौराहे और मंदिर के आसपास से अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की मांग की।
पत्रक में कहा गया कि चंद्रकेश्वर महादेव मंदिर के आसपास तथा गाजीपुर और वाराणसी मार्ग पर ऑटोरिक्शा एवं ठेले बेतरतीब ढंग से खड़े होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सावन माह में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से यह समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में समय रहते प्रभावी यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
पत्रक सौंपने वालों में महेंद्र प्रजापति, ज्ञानचंद विश्वकर्मा, गुड्डू सोनकर, विपिन गुप्ता, शिवकुमार, राजकुमार यादव, आशीष गुप्ता, भुवन खरवार सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

